18 लाख 43196 मतदाता करेंगे 10 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, पोलिंग पार्टियां हुईं रवाना
चन्दौली। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के सातवें और अंतिम चरण के मतदान के लिए नवीन मंडी से शुक्रवार को मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। सुबह सात बजे कर्मचारी नवीन मंडी पहुंचकर अपनी-अपनी ड्यूटी चार्ट के अनुसार किट प्राप्त कर बूथों के लिए रवाना हो गए।
बता दें कि चंदौली संसदीय क्षेत्र में 1843196 मतदाता हैं, जिसमें 855475 महिलाएं जबकि पुरुष मतदाता की संख्या 987671 और थर्ड जेंडर के 50 मतदाता शामिल हैं। जिला प्रशासन ने लोस चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके सम्पन्न कराने के लिए पूरे संसदीय क्षेत्र को 23 जोन और 139 सेक्टर में बांटा है। साथ ही 1005 संवेदनशील मतदेय स्थल की वेबकास्टिंग कराने का फैसला लिया है।वहीं जिले में कुल 981 मतदान केंद्र और 1868 मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे और पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार पोलिंग पार्टियों के रवाना होने तक परिसर में भ्रमणशील रहे। जिले में शनिवार को मतदान होना है। इसके लिए शुक्रवार को मण्डी परिसर से पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। सुबह सात बजे तक कर्मचारी मण्डी परिसर में पहुंच गए। विधानसभावार अलग-अलग टेबल बनाया गया था। जहां पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोलिंग पार्टियों को डयूटी चार्ट के साथ ईवीएम दी गई। इसके बाद उन्हें बसों से बूथों के लिए भेजा गया। इसके पहले जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया की भीषण गर्मी को देखते हुए सभी कर्मियों को हीट स्ट्रोक से बचने और पानी का भरपूर सेवन करने के लिए भी कहा गया। पोलिंग पार्टियां शाम तक अपने बूथों पर पहुंच जाएंगी। शनिवार सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी, जो शाम छह बजे तक चलेगी। मतदान के बाद पोलिंग पार्टियां उन्हीं वाहनों पर सवार होकर वापस आएंगी।
Leave a comment