रेल महकमे में हड़कंप, परिजनों में मचा कोहराम
चन्दौली, मुगलसराय। भीषण गर्मी अब लोगों की जान लेने लगा है। शुक्रवार को अलग अलग स्थानों पर लू लगने से ट्रेन मैनेजर, तकनीशियन सहित तीन रेलकर्मियों की मौत हो गई। ट्रेन मैनेजर के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए रेलकर्मियों ने गुरुवार की देर शाम रेलवे अस्पताल में हंगामा किया। मामले की जांच कराने का आश्वासन मिलने पर रेलकर्मी शांत हुए। तीनों रेलकर्मियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
जानकारी के अनुसार पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के यार्ड में गुरुवार की शाम चार बजे अंकोढ़ा गया रूट से आ रही मालगाड़ी के गार्ड ब्रेक में ड्यूटी रत ट्रेन मैनेजर सतीश रंजन निवासी सासाराम पीरो की तबियत खराब हो गई। मालगाड़ी के रुकने के बाद सतीश नीचे उतरने लगे। इसी बीच वह अचानक जमीन पर औंधे मुंह गिर गए। यह देख आस पास काम कर रहे कर्मचारियों ने उन्हें लोको मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी देने के लिए यूनियन के पदाधिकारी सीएमएस को फोन करने लगे। लेकिन काफी देर तक उन्होंने फोन नहीं उठाया।
यूनियन के लोग अस्पताल पहुंच गए और हंगामा करने लगे।वहीं सूचना पाकर वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक मुहम्मद इकबाल, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी सुरजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी भी पुहंच गए। घटना की सूचना मृतक के परिवार वालों को भी दी गई। इस संबंध में डॉ. केशव ने बताया कि पहली नजर में ट्रेन मैनेजर की मौत हीट स्ट्रोक से हुई लगती है। इलाज में लापरवाही नहीं की गई है। इसके पूर्व अलीनगर थाना क्षेत्र के प्लांट डिपो इंजीनियरिंग कारखाना में कार्य करते समय गुरुवार की दोपहर में टे क्निशियन राकेश कुमार के नाक से खून निकलने लगा और वह अचेत हो गया।
सहकर्मियों ने उसे उठाकर लोको मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राकेश कुमार के तीन पुत्र शिवशंकर राय 21, पवन राय 19, सत्यम 18 और एक पुत्री मोना कुमार 23 वर्ष हैं। राकेश की मौत से बच्चों के साथ पत्नी प्रतिमा का रो रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं अलीनगर मानसनगर में रहने वाले टेक्निशियन कृष्णा राम (50) अंकोढ़ा में तैनात थे। दोपहर में कार्य के दौरान अचेत हो गए। सहकर्मी उसे उठाकर डेहरी ऑन सोन स्थित चिकित्सालय में ले गए। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Leave a comment