फूलपुर स्थित गोमती इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति का मामला
प्रयागराज। फूलपुर स्थित गोमती इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के आजीवन सदस्यों के फर्जी हस्ताक्षर करके नई कमेटी गठित करने का एक सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। कोर्ट के आदेश पर फूलपुर पुलिस ने कॉलेज के प्रधानाचार्य समेत १३ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फूलपुर कस्बा स्थित गोमती इंटर कॉलेज करीब पांच दशक पुराना है। कॉलेज में गोमती एंग्लो वैदिक स्कूल कमेटी फूलपुर के नाम से समिति गठित है। इस कमेटी में राजेंद्र प्रताप सिंह, ब्रजराज यादव, राजनारायण मौर्य, गजराज सिंह, अशोक, वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, विष्णुराम यादव, रामचरन, राजमणि कुशवाहा, जितेंद्र बहादुर सिंह पटेल, राम आसरे, लाल बहादुर आदि 12 सदस्य हैं।
एफआईआर में आरोप है कि इनके फर्जी हस्ताक्षर करके कुछ लोगों ने तीन साल पहले 17 नए सदस्य शामिल करते हुए कमेठी गठित कर ली और वित्तीय कोष का दुरुपयोग किया। इसकी जानकारी जब विद्यालय प्रबंध समिति के आजीवन सदस्यों को हुई तो उन्होंने जिलाधिकारी, मंडलायुक्त, शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ ही मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई करने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री कार्यालय से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए गए। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद प्रबंध समिति के लोगों ने कोर्ट की शरण ली। प्रयागराज के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने इस मामले में केस दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने फर्जी हस्ताक्षर बनाकर विद्यालय कमेटी पर कब्जा करने वाले राममूर्ति पांडेय निवासी परासिनपुर फूलपुर, प्रयागराज, डॉ. नवीन पांडेय निवासी पटेलनगर मीरापुर, प्रयागराज, ओम प्रकाश पांडेय निवासी बरेठी, प्रयागराज, जगदीश प्रसाद मिश्र निवासी गिलयो जिला जौनपुर, दिनेश मिश्र निवासी लोचनगंज कस्बा फूलपुर प्रयागराज, छत्रपति सिंह निवासी बरेस्ता कला फूलपुर प्रयागराज, बालेंद्र कुमार मिश्र निवासी दुबावल उपरहार हनुमानगंज, प्रयागराज, जालपा प्रसाद द्विवेदी निवासी ग्राम सिंगरामऊ सहसो, प्रयागराज, सौरभ द्विवेदी निवासी ग्राम चौंदोपारा हंडिया, प्रयागराज, संजय कुमार मिश्र निवासी मंगल विहार झूंसी, प्रयागराज, रमेश तिवारी निवासी साई अपार्टमेंट धोबीघाट प्रयागराज, अरविंद कुमार मिश्र निवासी जार्जटाउन प्रयागराज व एक अज्ञात समेत १३ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
Leave a comment