आठ करोड़ का प्रोजेक्ट, जुड़ने हैं 1324 सीसीटीवी
कंट्रोल रूम में बैठेंगे नगर निगम कर्मी
अयोध्या। योगी सरकार में शहर की सुरक्षा और सफाई व्यवस्था अब हाईटेक होने जा रही है। तीसरी आंख के जरिए दोनों ही व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम में बैठकर न सिर्फ संदिग्धों पर नजर रखी जा सकेगी बल्कि चौराहों व गली-मोहल्लों में नगर निगम की ओर से मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की भी मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
इसके लिए घरों, प्रतिष्ठानों, होटलों और कार्यालयों के बाहर लगे सीसी कैमरे अमानीगंज स्थित कंट्रोल रूम से इंटीग्रेट जोड़े जा रहे हैं। भव्य मंदिर में रामलला के प्रतिष्ठित होते ही अयोध्या में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद कह चुके हैं कि अयोध्या को ऐसे सजाया और संवारा जाए, जिससे यहां आने वाला हर एक शख्स बार-बार अयोध्या आना चाहे। इसी के तहत नगर निगम ने सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत अयोध्या में बड़ा कदम उठाया हैं। प्राण प्रतिष्ठा के बाद से प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया गया। नगर निगम की टीम रोज लोगों से उनके कैमरे को मॉनिटरिंग रूम से जुड़वाने की अपील कर रही है।
सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर में काम करने का जिम्मा एलाइड डिजिटल सर्विसेज लिमिटेड को दिया गया है। यह करीब आठ करोड रुपये का प्रोजेक्ट है। रोड के किनारे के कैमरों को जलकल स्थित आईटीएनएस कार्यालय के लगे सर्वर से जोड़े जाएंगे। प्रोजेक्ट के तहत कार्य कर रहे विनोद यादव ने बताया कि 1324 कैमरों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 950 सीसी कैमरों को जोड़ा जा चुका है।
कंट्रोल रूम से न सिर्फ स्वच्छता पर ध्यान दिया जाएगा बल्कि अन्य व्यवस्थाओं को भी देखा जाएगा। इसके लिए कंट्रोल रूम में नगर निगम के कर्मचारी बैठाए जाएंगे। जहां से कर्मचारी नगर की सफाई व्यवस्था, पानी लीकेज, स्ट्रीट लाइट के बंद होने की जानकारी संबंधित अनुभाग को देंगे। जानकारी मिलते ही फॉल्ट ठीक करने के लिए नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंच जाएंगे।
Leave a comment