कड़ी सुरक्षा के बीच भक्तों ने किया सरयू में स्नान व जलाभिषेक
अयोध्या। सावन के दूसरे सोमवार में रामनगरी में आस्था का सैलाब उमड़ा। राम की पैड़ी के किनारे भगवान राम के पुत्र कुश के द्वारा स्थापित सिद्ध पीठ नागेश्वरनाथ पर शिव भक्तों की भारी भीड़ जलाभिषेक के लिए जुटी। पुलिस की सुरक्षा के बीच शिव भक्तों ने नागेश्वर नाथ में जलाभिषेक किया।
सावन का दूसरा सोमवार होने के कारण प्रात: चार बजे से ही सरयू नदी में स्नान के लिए लोग उमड़ पड़े। पवित्र सरयू का जल लेकर नागेश्वर नाथ की ओर बढ़ते दिखाई दिए। सावन का दूसरा सोमवार काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे मे शिव भक्तों से रामनगरी पटी रही। हर-हर, बम-बम के जयकारों से रामनगरी गूंजती रही। वहीं, प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कांवडिय़ों की सुरक्षा को देखते हुए हाईवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया। शहर में भी बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।
जलाभिषेक के लिए तडक़े तीन बजे से ही सिद्धपीठ नागेश्वरनाथ का द्वार शिवभक्तों के लिए खोल दिया गया था। लोगों ने भोले नाथ का जलाभिषेक किया और मोक्ष प्राप्ति की कामना की। रामनगरी मे बड़ी संख्या में जलाभिषेक के लिए कांवडिए भी जुट। इस बीच पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था को मुस्तैद रहे।
Leave a comment