हजारों व्यापारी परेशान, कारोबार चौपट, व्यापार मंडल ने जताई नाराजगी
लखनऊ। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र यहियागंज की बिजली आपूर्ति बुधवार को दिनभर बाधित रही। इससे हजारों व्यापारी और ग्राहक परेशान हुए। व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित रहा। इससे व्यापारी नाराज हैं। उन्होंने आपूर्ति में सुधार न होने पर आंदोलन करने की बात कही है।

यहियागंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे यहियागंज की बिजली चली गयी। नादान महल रोड के फीडर की लाइन में मकबरे के आगे फाल्ट आ गई थी। इसकी जांच के लिए मशीन की उपलब्धता नहीं थी। दोपहर करीब एक बजे मशीन आने के बाद फॉल्ट पकड़ में आई। इसके बाद फॉल्ट को ठीक करने में शाम हो गई। इससे यहियागंज क्षेत्र की बिजली पूरे दिन गुल रही। इससे व्यापार पूरी तरह से चौपट हो गया।
व्यापारी नेता अमरनाथ मिश्र ने बताया कि यहियागंज इलाके की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बहुत खराब है। कई हफ्ते से आए दिन लाइन में फॉल्ट के चलते 2-3 घंटे बिजली बाधित रहती है। यह स्थिति नादान महल रोड के जेई और एसडीओ के गैर जिम्मेदाराना रवैए के चलते है। ऐसा लगता है कि विभाग जान बूझकर व्यापारियों को परेशान करने में लगा है। इससे व्यापारियों में काफी नाराजगी है। बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो यहियागंज व्यापार मंडल के व्यापारी अपनी दुकान की चाबी नादान महल रोड पर जमा कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Leave a comment