रामलला के पुजारियों के लिए एक ड्रेस कोड भी बना
अयोध्या। राममंदिर में दर्शनार्थियों के बाद अब पुजारियों के भी एंड्रॉयड फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामलला के पुजारियों के लिए एक ड्रेस कोड भी बना दिया है। अब उसी ड्रेस में पुजारी नजर आएंगे।
राममंदिर में प्रवेश से पहले पुजारी पीली चौबंदी और धोती पहनने के साथ साफा लगाएंगे। राम मंदिर में पुजारियों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। अब रामलला के पूजन अर्चन के लिए 26 पुजारी अलग-अलग शिफ्टों में सेवा देंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के द्वारा गठित धार्मिक समिति ने 21 नए प्रशिक्षित पुजारी को पूजन पद्धति में शामिल करने का निर्णय लिया है, जिसके लिए ट्रस्ट ने सभी पुजारियों के आई कार्ड जारी कर दिए हैं।
पुजारियों को प्रशिक्षण के सर्टिफिकेट के साथ नियुक्ति पत्र भी सौंपा जाएगा। हालांकि रविवार को धार्मिक समिति की बैठक की जानी थी, लेकिन किसी कारण से नहीं हो सकी। नियुक्ति पत्र अब तीन जुलाई या पांच जुलाई को वितरित किए जा सकते हैं। रामलला के सहायक पुजारी अशोक उपाध्याय बताते हैं कि ट्रस्ट ने राममंदिर में आने वाले पुजारियों को एंड्रॉयड फोन लाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। उनके मुताबिक सिर्फ बात करने के लिए कीपैड वाला ही फोन ले जा सकते हैं। विशेष ड्रेस कोड की भी तैयारी है, जिसमें चौबंदी, धोती और साफा लगाये जाने विचार कर रहा है। हालांकि ट्रस्ट के द्वारा अभी ऐसा कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है।
Leave a comment