आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम, पुलिसकर्मियों को पीटा
सीओ चकिया के मान-मनौव्वल के पश्चात ग्रामीण हुए शांत
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा मंगरौर में शुक्रवार रात ओवरलोड बोगा ट्रैक्टर से कुचलकर 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने लामबंद हो सड़क पर चक्काजाम कर जमकर बवाल काटा। बता दें कि चकिया – इलिया मार्ग पर चक्काजाम किए प्रदर्शनरत ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को डायल 112 पुलिसकर्मियों द्वारा छोड़े जाने के कारण बवाल काटते हुए पुलिसकर्मियों को दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। भाग रहे पुलिसकर्मियों के वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सीओ चकिया आशुतोष कुमार समेत कई थानों की फोर्स ने मोर्चा संभाला। सीओ के काफी समझाने – बुझाने और मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद बवाल काट रहे ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
जानकारी के अनुसार चकिया क्षेत्र के मंगरौर गांव निवासी किशन साहनी (18 वर्ष) पुत्र रमाशंकर साहनी घर के समीप ही सड़क पार कर रहा था कि अचानक तेज रफ्तार में आ रही बोगा ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। आननफानन में लोग उसे लेकर चकिया स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय ले आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे चालक को पकड़ने को ग्रामीणों ने दौड़ाया, मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने चालक को छोड़े जाने का आरोप लगाया।
मृत घोषित होने के बाद शव को लेकर पहुंचे लोगों ने सड़क पर ही युवक का शव रख चक्काजाम लगा दिया और पुलिस टीम द्वारा चालक को छोड़े जाने का आरोप लगाते हुए वाद-विवाद और मारपीट को अंजाम दे दिया। आक्रोशित ग्रामीणों के गुस्से को देख भाग रहे पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों ने दौड़कर पीटा और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने वहां से शव को उठाकर मंगरौर ग्रामसभा पहुंचकर इलिया-चकिया मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शनरत हो उठे।
बवाल की जानकारी मिलते ही मौके क्षेत्राधिकारी चकिया आशुतोष कुमार समेत मयफोर्स मौके पर पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रतिबंधित होने के बावजूद बोगा ट्रैक्टरों का धड़ल्ले से संचालन हो रहा है, जिसके कारण कई दुर्घटनाएं घटित हो गईं हैं। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किशन सात बहनों का इकलौता भाई था। क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि पूरे मामले की पड़ताल कराई जा रही है। पुलिसकर्मियों की पिटाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Leave a comment