लखनऊ-कानपुर हाईवे पर रात में हुई वारदात
उन्नाव। जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-कानपुर हाईवे पर मंगलवार देर रात दबंगों ने एक ऑटो चालक को पीट-पीटकर बेदम कर दिया। चालक के साथी उसे इलाज के लिये ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। चालक की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के जवाहर खेड़ा के रहने वाले रामनरेश का २१ वर्षीय बेटा सियाराम उन्नाव शहर में ऑटो रिक्शा चलाता है। मंगलवार देर रात वह ललाऊ खेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र के गदन खेड़ा चौराहे के पास था, तभी एक दर्जन से अधिक लोग वहां पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। जिसका उसने विरोध किया। विरोध करने पर दबंगों ने लात घूसों से सरेराह उसकी जमकर पिटाई कर दी।
काफी देर तक उसे मारते-पीटते रहे, यह देख साथी चालक दौड़े। लोगों को पास आता देख दबंग मौके से भाग निकले।
घायल को आननफानन इलाज के लिये जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथी ऑटो रिक्शा चालक नीरज वर्मा ने बताया कि मारपीट करने वालों को पहचानता है। घटना के समय जब वह अपने साथियों के साथ पहुंचा तो वह मौके से भाग निकले। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Leave a comment