अमेठी। प्रदेश के पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के अमेठी में आवास विकास कालोनी स्थित घर पर बृहस्पतिवार को ईडी की टीम ने छापा मारा। टीम ने काफी देर तक जांच पड़ताल की। इस दौरान किसी को भी अंदर जाने नहीं दिया गया। मालूम हो कि ईडी ने कुछ दिन पहले मुंबई में पूर्व मंत्री के ठिकानों पर छानबीन की थी।
इस छापेमारी के दौरान गायत्री की पत्नी एवं अमेठी विधायक महराजी प्रजापति की तबीयत बिगड़ गई। इस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों की टीम बुलाई गई है। टीम ने विधायक की सेहत की जांच करने के साथ उपचार किया।
सूत्रों के मुताबिक ईडी की टीम पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति व उनकी करीबी एक महिला के घर पर बृहस्पतिवार सुबह पहुंची। ईडी की छापेमारी को लेकर दोनों स्थानों पर पुलिस तैनात थे। इस छापेमारी के पीछे अवैध खनन का मामला बताया जा रहा है। पूर्व मंत्री के घर पर उनकी पत्नी एवं विधायक महाराजी प्रजापति और छोटा बेटा अनुराग के साथ अन्य सदस्य मौजूद थे। इस बारे में ईडी के अधिकारियों ने कोई जानकारी नहीं दी।
Leave a comment