हिंदुओं के पलायन पर जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग
कौशाम्बी। जिले की मंझनपुर तहसील अंतर्गत जफरपुर महावां गांव में दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है।
इस मुद्दे पर शनिवार को विश्व हिंदू परिषद की ओर से जिला मुख्यालय पर धरना एवं प्रदर्शन कर 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में डीएम व पश्चिम शरीरा थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग की गई।
इसकी अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष अवधेश शुक्ला ने और संचालन जिला सह मंत्री वेद प्रकाश सत्यार्थी ने किया ज्ञापन में प्रमुख रूप से गांव से दो दर्जन से अधिक हिंदू परिवारों के पलायन का मामला उठाया गया। इसके साथ गांव के एक प्राचीन मंदिर को ढहाकर वहां अल्पसंख्यक समाज की ओर से घर बनाए जाने की शिकायत करते हुए घर को गिराकर पुन: मंदिर निर्माण कराया जाने की मांग की गई।
इसी के साथ गांव में सरकारी नलकूपों के संचालन में नलकूपों की चाबी समुदाय विशेष के लोगों को दिए जाने पर भी सवाल खड़े करते हुए तैनात नलकूप चालकों पर कार्रवाई की मांग की गई। बताया गया कि इन नलकूपों से और प्राइवेट श्रोत से हिंदुओं को उनके खेतों में पानी नहीं दिया जा रहा है जिससे किसानों की फसल सूख रही है।
यही नहीं गांव में हिंदू की दुकानों से सामान खरीदने पर भी रोक लगाई गई है,जो भी लोग इसे नहीं मानते उस पर 5000 का जुर्माना भी रखा गया है। इस मौके पर प्रमुख रूप से भक्ति नारायण, अशोक तापसी, सुनील द्विवेदी, पवन द्विवेदी, कृष्णदत्त ओझा, दिलीप सिंह, पंकज पांडे, अभय सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।
Leave a comment