कहा-आप प्रताड़ित हुए लेकिन झुके नहीं, रुके नहीं
लखनऊ। लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को उत्तर प्रदेश में मिली सफलता से सपा व कांग्रेस के नेता गदगद हैं। इस सफलता पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा किया।
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर कहा कि यूपी कांग्रेस के मेरे सभी साथियों को मेरा सलाम। मैंने आपको धूप और धूल में कड़ी मेहनत करते हुए देखा, आप झुके नहीं, आप रुके नहीं, कठिन से कठिन दौर में आपने लड़ने की हिम्मत दिखाई। आपको प्रताड़ित किया गया, आप पर फर्जी मुक़दमे लगाये गये, जेल में डाला गया, बार-बार नज़रबंद किया गया मगर आप डरे नहीं। कई नेता डर के चले गये, आप टिके रहे।
आगे लिखा कि मुझे गर्व है आप पर और यूपी की जागरूक जनता पर, जिसने इस देश की गहराई और सच्चाई को समझा और हमारे संविधान को बचाने का ठोस संदेश पूरे भारत को दिया। आपने आज की राजनीति में एक पुराना आदर्श फिर से स्थापित किया है कि जनता के मुद्दे सर्वोपरि हैं, इनको नकारने की क़ीमत भारी होती है। चुनाव जनता का है, जनता ही लड़ती है, जनता ही जीतती है।
Leave a comment