लखनऊ। राजधानी में एक बार फिर से डॉक्टर से मारपीट और अस्पताल में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। अस्पताल के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। यह मामला राजाजीपुरम स्थित रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल का है। तीमारदारों ने डॉक्टर के साथ मारपीट की। इसके बाद सरकारी अस्पताल के सामानों को भी नुकसान पहुंचाया। यह वाकया शुक्रवार देर रात का है। शनिवार सुबह डॉक्टर्स समेत स्टाफ नर्स ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया।
लखनऊ पुलिस की त्वरित कार्रवाई: अस्पताल में उपद्रव करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार
रानी लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय, में देर रात हुए उपद्रव और तोड़फोड़ के मामले में लखनऊ पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है घटना बीती रात करीब 1:30 बजे की है, जब दो वृद्ध मरीजों के इलाज के दौरान उनके साथ आए लोग शराब के नशे में चिकित्सकों और स्टाफ से अभद्र भाषा में बात करने लगे। ड्यूटी पर तैनात ईएमओ, डॉ. विपिन कुमार शर्मा द्वारा रोकने पर आरोपियों ने अपने अन्य परिजनों को बुला लिया और अस्पताल परिसर में मारपीट एवं तोड़फोड़ शुरू कर दी सूचना मिलते ही तालकटोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार, पंकज सिंह, ध्रुव यादव, हर्ष कुमार, विकास पाण्डेय, सूरज यादव और राजवर्धन सिंह शामिल हैं।इस पूरे मामले में लखनऊ पुलिस की मुस्तैदी से अस्पताल में बड़ा उपद्रव टल गया। पुलिस टीम आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने में जुटी हुई है।
Leave a comment