प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस हादसे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दुख व्यक्त किया।
प्रयागराज। प्रयागराज में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां मिर्जापुर हाईवे पर बस और बोलेरो की आमने-सामने की टक्कर होने से बोलेरो सवार 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि बस सवार 19 अन्य घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आस-पास के ग्रीमणों की मदद से घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया और शवों को मोर्चरी में रखवाया।सभी लोग प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में स्नान करने के लिए आ रहे थे।
पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ के कोरबा निवासी लोग बोलेरो से महाकुंभ में स्नान करने आ रहे थे, जबकि मध्य प्रदेश की बस संगम स्नान के बाद मिर्जापुर की ओर जा रही थी।
देर रात 2 बजे मनु का पूरा के पास बस और बोलेरो की भीषण भिड़ंत हो गई। इसमें बोलेरो सवार 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि बस सवार 19 अन्य यात्री घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त विवेक चंद्र यादव ने बताया कि बोलेरो कार बस में बुरी तरह फंस गई थी। ऐसे में शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि कई शव तो बोलेरो में इस कदर फंस गए थे कि उन्हें निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। कई शव तो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। ऐसे में बैग में मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस हादसे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दुख व्यक्त किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मिर्जापुर हाईवे पर हुआ सड़क हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की मैं कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर हुए सड़क दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की अत्यंत दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में घायलों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें और दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ? शांति:
इससे पहले, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सीएम योगी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
Leave a comment