योगी सरकार के मंत्री ने एयरपोर्ट पर किया भव्य स्वागत
अयोध्या। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद शनिवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमन्त बिश्व शर्मा अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दरबार में मत्था टेका। उसके बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंच कर श्री रामलला से आशीर्वाद लिया। उनके साथ असम के 11 सांसदों ने भी अयोध्या में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर असम से आए अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे।
असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमन्त बिश्व शर्मा ने इससे पहले महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने अयोध्या में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी की हार पर कहा कि देश में 543 सीटे हैं, कहीं हारेंगे तो कहीं जीतेंगे, इसमें कोई इशु नहीं है, अंतत: नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री तो बन गए। नरेन्द्र मोदी तीसरी बार लगातार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। प्रभु राम का आशीर्वाद मिला है।
इससे पहले स्वाधीन भारत में जवाहरलाल नेहरू तीन बार प्रधानमंत्री बने थे। अब नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। प्रभु श्री राम के आशीर्वाद से नरेंद्र मोदी चौथी बार भी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। अयोध्या में हुए विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट देखकर ही पता चल जाता है कि यहां कितना विकास हुआ है।
Leave a comment