
गोरखपुर: स्थानीय थाना क्षेत्र के पिड़हनी निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष सत्येन्द्र साहनी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सपा नेता रामदरश विद्यार्थी को लेकर सर्राफा व्यापार मण्डल अध्यक्ष गंगा सोनी के फेसबुक पोस्ट के बाद अब इस मामले में सुल्तानपुर के सपा सांसद पूर्व मंत्री रामभुआल निषाद की इंट्री हो गई है। शुक्रवार को उन्होंने बाकायदा पत्रकार वार्ता कर गिरवी रखे जेवर को बिना पूछे गला देने को जानबूझकर किया गया अपराध बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए प्रताड़ित हो रहा है। यहां का विधायक अपने खास कारसाज स्वर्णकार भाई को बचाने के लिए अपने बूथ अध्यक्ष के साथ भले न रहे पर हम, हमारा समाज और हमारी पार्टी सत्येन्द्र साहनी के साथ है। ______शुक्रवार की दोपहर बड़हलगंज के होटल सत्कार के हाल में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए सांसद रामभुआल निषाद ने कहा कि उद्योग व्यापार मण्डल अध्यक्ष श्रीकांत सोनी बड़हलगंज के बड़े स्वर्ण व्यवसाई होने के साथ भाजपा नेता व स्थानीय विधायक के करीबी हैं। मेरे पीडीए का साथी भाजपा बूथ अध्यक्ष सत्येन्द्र साहनी के भाई साहब साहनी ने किसी आवश्यतावश अपनी सोने की अंगूठी व चेन उनके वहां गिरवी रखा। पैसे की व्यवस्था होने पर वे अपना सामान लेने गए तो पहले हीला हवाली किए। बाद में देने की बात किए। वे यह कह विदेश चले गए कि मेरे घर वालों को दे दीजिएगा। उनकी पत्नी गईं। फिर कई बार भाई सत्येन्द्र साहनी गए। बाद में सत्येन्द्र से उन्होंने कहा कि मैंने आभूषण को गला दिया। सत्येन्द्र सेने कहा कि बिना हमसे पूछे आप कैसे गला सकते हैं। रामभुआल निषाद ने कहा कि हम यही चाह रहे हैं कि श्रीकांत सोनी जबरदस्ती मत करें।धमकाने से काम नहीं चलेगा।हम सत्येन्द्र निषाद के मजबूती से खड़े हैं। आप के न चाहते हुए भी मुकदमा दर्ज हुआ। अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा है। सत्येन्द्र का सामान वापस करें और चैन की रोटी खाएं। वरना पीडीए तो संघर्ष कर ही रहा है। इसके पूर्व वरिष्ठ सपा नेता रामदरश विद्यार्थी ने पूरे घटनाक्रम की सिलसिलेवार जानकारी दी।इस अवसर पर पीड़ित सत्येन्द्र साहनी,पूर्व विधायक चिल्लूपार विनय शंकर तिवारी के प्रतिनिधि के रूप में भुवनेश्वर चतुर्वेदी, चिल्लूपार विधानसभा अध्यक्ष अमरजीत यादव,सीता राम यादव,रामचंद्र सोनकर, अमीर यादव, डबलू पाण्डेय, बबलू यादव,राणा सिंह, सुदर्शन यादव, रमाशंकर सोनकर सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। *मुझपर लगाए गए सभी आरोप निराधार व राजनीति से प्रेरित: श्रीकांत सोनी* बड़हलगंज: उद्योग व्यापार मण्डल अध्यक्ष श्रीकांत सोनी ने भी एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सत्येंद्र साहनी नामक जो व्यक्ति मुझ पर आरोप लगा रहा है,वह पूरी तरह झूठा, मनगढंत व बेबुनियाद है। मैंने उनका सामान खरीदा है और उस समय जो भाव था उस हिसाब से पूरा पेमेंट उनको दे दिया हूं। उस जेवर के खरीद का जीएसटी बिल काटा गया है। आज जब भाव बढ़ गया है तो वह इस तरह के निराधार आरोप लगाकर मुझसे धन उगाही करना चाहते हैं और मेरे छवि को धूमिल कर रहे हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिस साहब साहनी नामक व्यक्ति ने मुझे सामान बेंचा वह सामान बेंचने के बाद आज तक मेरे दुकान पर नहीं आया और न ही किसी माध्यम से मुझसे संपर्क किया। पूरा मामला मनगढ़ंत है, मुझे मोहरा बनाकर कुछ तथाकथित नेतागण सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने के लिए ऐसे कुत्सित प्रयास कर रहें हैं। जो भी सामान हमने खरीदा है, उसका बाकायदा साक्ष्य मेरे पास है, जो समय आने पर प्रस्तुत करूंगा।
Leave a comment