
गोला, गोरखपुर. गोला नगर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले चंद चौराहे के समीप गुरुवार दोपहर दिनदहाड़े हुई झपटमारी की घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाके में बाइक सवार दो बदमाश एक महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए, जबकि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के कोटिया नायक गांव निवासी जानकी देवी पत्नी संजय यादव गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे गोला बाजार स्थित अमन मोबाइल शॉप से मोबाइल बनवाकर बाहर निकली थीं। वह चंद चौराहे की ओर ऑटो पकड़ने जा रही थीं। इसी दौरान अमन मोबाइल शॉप और चंद चौराहे के बीच बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश पीछे से पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने थाना गोला पहुंचकर अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि जिस स्थान पर वारदात हुई, वह गोला बाजार का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां दिनभर लोगों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े झपटमारी की घटना ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बाजार के सबसे व्यस्त चौराहे के आसपास भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों ने बाजार क्षेत्र में नियमित पैदल गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
Leave a comment