थानाध्यक्ष गौरव सिंह और चौकी इंचार्ज अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में सघन गश्त, व्यापारियों को मिली यातायात सुधारने की सलाह
बढ़नी, सिद्धार्थनगर। आगामी त्योहार बकरीद (ईद-उल-अज़हा) के मद्देनजर बढ़नी उपनगर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है. ढेबरुआ थानाध्यक्ष गौरव सिंह के नेतृत्व में, बढ़नी चौकी इंचार्ज अनिरुद्ध सिंह और उप निरीक्षक राजाराम यादव सहित भारी पुलिस बल ने उपनगर के सघन इलाकों में पैदल गश्त किया. यह गश्त स्टेशन रोड, गोलबाग से होते हुए पूरे उपनगर में की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का अहसास कराना था.
अपने पैदल गश्त के दौरान, पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद भी किया. चौकी इंचार्ज अनिरुद्ध सिंह, थानाध्यक्ष गौरव सिंह और उप निरीक्षक राजाराम यादव ने विशेष रूप से व्यापारियों को सलाह दी कि वे सड़क पर अतिक्रमण कर दुकानें न लगाएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर दुकानों के फैलाव से लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी होती है, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित होती है और जगह-जगह बेवजह जाम लग जाता है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गश्त त्योहार के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक है. पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना है और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने में मदद मिलेगी.
Leave a comment