
गोरखपुर. स्थानीय पुलिस ने पटनाघाट रोड पर संचालित एक अवैध हुक्का बार पर छापेमारी कर संचालक को गिरफ्तार कर लिया।मौके से तीन चालू हुक्के, फ्लेवर युक्त तंबाकू तथा अन्य सामान के साथ नकदी बरामद हुई।
बड़हलगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि देवरिया रोड पर एक क्लब में बिना लाइसेंस के हुक्का बार का संचालन किया जा रहा है। उपनिरीक्षक जितेंद्र मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।पुलिस के पहुंचते ही कई युवक-युवतियां वहां से भाग निकले।पुलिस ने मौके से एक कर्मचारी को पकड़ा, जिसने पूछताछ में अपना नाम आर्यन साहनी, निवासी बुढ़न पुरा थाना बड़हलगंज बताया। पुलिस के अनुसार,आर्यन साहनी हुक्का बार के संचालन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन चालू हुक्के, 23 पैकेट फ्लेवर युक्त तंबाकू, एक बॉक्स क्यूब कोयला, 55 डिस्पोजेबल हुक्का माउथ टिप्स, एक कोल बर्नर और 1,440 रुपए नकद बरामद हुआ।बरामद सभी सामान को सील कर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। छापेमारी के दौरान पता चला कि ग्राहकों से प्रति हुक्का 400 से 500 रुपये लेकर फ्लेवरयुक्त तंबाकू परोसी जा रही थी। थाना प्रभारी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 271 और 223, तथा सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 की धारा 21 और 22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Leave a comment