



गोला, गोरखपुर।गोला थाना क्षेत्र के रकौली गांव निवासी राजेश कुमार यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर को प्रार्थना पत्र देकर थाना गोला में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर पर मार-पीट, अभद्रता और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार,राजेश कुमार यादव का गांव के ही राकेश कुमार यादव से पूर्व से आपसी विवाद चल रहा है। आरोप है कि शनिवार को सुबह करीब 10 बजे उन्हें थाना गोला बुलाया गया,जहां सब-इंस्पेक्टर आशीष सिंह यादव ने बिना किसी उचित कारण के उनके साथ मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। पीड़ित का कहना है कि उनके ट्रैक्टर से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तेल निकाल लिया गया था, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। इसी बात को लेकर राकेश यादव,गणेश यादव तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी लेकर हमला करने का प्रयास किया। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई और घटना की सूचना डायल 112 पर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने उनकी लिखित तहरीर फाड़ दी और उल्टे उन्हीं के साथ मारपीट की। इसमें उनके बाएं हाथ, गर्दन तथा उनकी पत्नी के हाथ में चोटें आईं। प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि शिकायत के बावजूद दूसरे पक्ष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि उनके विरुद्ध कार्रवाई कर दी गई।
राजेश कुमार यादव ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट एफआईआर दर्ज करने तथा दोषियों पर विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
Leave a comment