प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज महाकुम्भ में काम करने वाले स्वच्छताकर्मियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सफाईकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों को उपहार के साथ स्वच्छ कुम्भ कोष से बीमा प्रमाणपत्र प्रदान किया और उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से अतिरिक्त बोनस के रूप में 10 हजार की धनराशि देने की घोषणा की।
सीएम योगी ने कहा कि अप्रैल से प्रदेश सरकार कॉर्पोरेशन का गठन करने जा रही है, जिसके माध्यम से हर स्वच्छताकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और उन सभी कर्मियों को जिन्हें मिनिमम वेज नहीं मिल पाता था, उन्हें सरकार 16 हजार रुपये प्रतिमाह प्रदान करेगी। यह धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हर स्वच्छताकर्मी व स्वास्थ्यकर्मी को आयुष्मान भारत या मुख्यमंत्री जनआरोग्य योजना के माध्यम से पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा से भी जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का स्वच्छताकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
कर्मचारी कल्याण के करते रहेंगे काम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित भव्य और दिव्य आयोजन के बाद आज आप सभी का अभिनंदन करने के लिए पूरी प्रदेश सरकार आपके बीच है। आयोजन को भव्य और दिव्य बनाने में स्वच्छता और स्वास्थ्य कर्मियों का विशेष योगदान है। सरकार आपसे वादा करती है कि आपके वेल्फेयर के लिए हम आगे भी लगातार काम करते रहेंगे।
प्रयागराज स्मार्ट सिटी के रूप में चमक रहा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 दिसंबर को प्रयागराज महाकुम्भ के शुभारंभ के लिए यहां आए थे। उससे पहले भी और उस दौरान भी उन्होंने बहुत सारा मार्गदर्शन दिया। भारत सरकार के सभी अधिकारी, सभी मंत्रालय इस आयोजन को उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर सफलता की नई ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए प्राण प्रण से जुटे थे। उन्होंने कहा कि आज महाकुम्भ के बहाने प्रयागराज शहर स्मार्ट सिटी के रूप में चमक रहा है।
Leave a comment