
तिवारीपुर पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन, इलाके में भारी फोर्स तैनात, जांच जारी
गोरखपुर। शहर के इलाहीबाग इलाके में बुधवार तड़के एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान पर छापेमारी की। तिवारीपुर थाना क्षेत्र के माई डीगदही इलाके में सुबह करीब 5 बजे से चल रही इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस और ATS की टीम ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मकान के आसपास भारी पुलिस बल तैनात है तथा आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जिस मकान पर छापेमारी की जा रही है उसका संबंध जमाल अहमद से बताया जा रहा है, जिनकी इलाहीबाग प्राथमिक विद्यालय के पास पेंट की दुकान है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ATS और स्थानीय पुलिस की टीम मकान के अंदर गहन जांच में जुटी हुई है। छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
फिलहाल यह कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, इसे लेकर अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। ATS और पुलिस अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार किया है।
मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है, जबकि जांच जारी है।
Leave a comment