पोखरा कप्तानगंज (बस्ती)। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय पोखरा बाजार परिसर में औषधीय पौधे लगाए गए। इसके साथ ही आसपास के लोगों को पौधे लगाने के लिए जागरूक किया गया।
चिकित्सालय प्रभारी डॉ. रमाकांत द्विवेदी ने बताया कि हमारे आसपास ऐसे पौधे हैं जो औषधि का काम करते हैं। उनमें नीम, आवंला, तुलसी, नीम आदि पौधों को हमें अवश्य लगाना चाहिए। इसके लिए आसपास के लोगों को जागरुक करना चाहिए। अपने घर के आसपास औषधीय पौधे लगाने से हमें शुद्ध आक्सीजन मिलता है। छोटे-छोटे रोगों में इन औषधीय पौधों के प्रयोग से रोगों को जड़ से खत्म किया जा सकता है। पौधों की देखरेख करनी चाहिए। पौधे वातावरण को शुद्ध बनाते हैं। औषधीय पौधे लगाने के साथ ही सेंटर में उपलब्ध प्रचार सामग्री का वितरण वृहत स्तर पर किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा प्रभारी डॉ. रमाकान्त द्विवेदी के साथ फार्मासिस्ट विनोद पाण्डेय, वार्ड ब्वाय नेबूलाल, योग प्रशिक्षक आदित्य पाण्डेय आदि मौजूद थे।
Leave a comment